वाराणसी। ‘स्वच्छता अभियान’ और ‘प्लास्टिक मुक्त काशी’ मुहिम को गति देने के लिए गुरुवार को एपेक्स नर्सिंग कॉलेज एवं हॉस्पिटल के सभागार में एक विशेष संगोष्ठी और जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रख्यात पर्यावरणविद् अनिल कुमार सिंह ने किया। संगोष्ठी के दौरान विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक के बढ़ते दुष्प्रभावों और जल संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता और पर्यावरण बचाने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें जनभागीदारी अनिवार्य है। साथ ही, उन्होंने सभी से 'वरुणा स्वच्छता अभियान' में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
संगोष्ठी के पश्चात कॉलेज परिसर से एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें भारी संख्या में छात्र-छात्राओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रैली के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने और एकल उपयोग वाले प्लास्टिक (संगल यूज प्लास्टिक) का त्याग करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन “स्वच्छ काशी, सुंदर काशी, हरित काशी” के संकल्प के साथ हुआ, जहाँ सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक रहने की प्रतिबद्धता जताई।