चंदौली। आगामी दीपावली त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चंदौली जनपद के बलुआ थाना परिसर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं व्यापारियों ने सहभागिता की। बैठक के दौरान त्योहार को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने को लेकर चर्चा की गई। पुलिस की ओर से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस दौरान व्यापारियों से अपील की गई कि वे त्योहार के दौरान बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। वहीं, क्षेत्र के गणमान्य लोगों से भी अपील की गई कि वे अपने आसपास शांति और सद्भाव का माहौल बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। बैठक में उपस्थित लोगों ने पुलिस प्रशासन को त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दीपावली का पर्व क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराना है।