10 और 5 किलोमीटर दौड़ में स्वर्ण, 800 मीटर में रजत पदक हासिल कर रचा इतिहास
वाराणसी। हरहुआ उम्र के 75वें पड़ाव पर भी खेल के प्रति जुनून और जज्बा बरकरार रखते हुए बझियाबारी निवासी रामधनी पटेल ने 34वें यूपी मास्टर्स एथलेटिक्स मीट 2026-27 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 75 प्लस आयु वर्ग में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपने गांव व वाराणसी का गौरव बढ़ाया। 10 और 5 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि 800 मीटर में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर है।

लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन की क्षेत्रवासियों ने सराहना की। राम अवध पटेल (बिहारी), ग्राम प्रधान जगदीश पटेल, ग्राम प्रधान संजय पटेल, रामआसरे पटेल, अरविंद पटेल, हरिश्चंद पटेल और कन्हैया लाल पटेल सहित अन्य लोगों ने बधाई दी। लोगों ने कहा कि रामधनी पटेल ने साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और नियमित अभ्यास के आगे उम्र भी बाधा नहीं बनती। उनकी सफलता युवाओं और बुजुर्गों दोनों के लिए प्रेरणास्रोत है।