चंदौली। महेन्द्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, चंदौली के प्रांगण में रविवार, 1 नवंबर 2026 को मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ माननीय प्रभारी जनपद एवं सत्र न्यायाधीश श्री रामबाबू यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनपद के न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, अधिवक्तागण, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, मीडिया कर्मी, न्यायालय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी और आम नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय चंदौली श्री किरन पाल सिंह, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण श्रीमती रश्मि नन्दा, विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी श्री विकास वर्मा, अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश श्री सत्यजीत पाठक एवं श्री परितोष श्रेष्ठ, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री प्रभाष त्रिपाठी, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती इशरत परवीन फारूकी सहित जनपद के अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती निकिता गौड़, अपर जिलाधिकारी श्री रतन वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री आकाश पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्री पारितोष मिश्रा, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र प्रताप सिंह तथा डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राजेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
234 लाभार्थियों को वितरित किए गए योजनाओं के लाभ
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा चयनित लगभग 234 लाभार्थियों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, आवास की चाभियां, चेक, आयुष्मान कार्ड, पोषण पोटली, ट्राई साइकिल, कान की मशीन, जॉब कार्ड सहित अन्य जरूरी सामग्री वितरित की गई। साथ ही केंद्र सरकार, राज्य सरकार एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दी गई कानूनी सहायता की जानकारी
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली के मध्यस्थ अधिवक्ता श्री अशोक कुमार पाण्डेय ने उपस्थित जनसमूह को धारा 138 एनआई एक्ट के प्रावधानों एवं उससे संबंधित कानूनी जानकारी दी।
लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम चंदौली की ओर से श्री अमरनाथ यादव ने इस व्यवस्था की स्थापना के उद्देश्य और आम नागरिकों को मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया। वहीं पैनल अधिवक्ता श्री महेन्द्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों को कानूनी सहायता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन तक न्यायिक एवं विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। उक्त जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती निकिता गौड़ द्वारा दी गई।