चहनिया -बलुआ थाना क्षेत्र के सेमरा गांव स्थित पेट्रोल टंकी के पास स्टेट हाईवे पर रविवार शाम 7 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सेवानिवृत्त कानूनगो की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सेमरा गांव निवासी 67 वर्षीय राधेश्याम यादव कानूनगो पद से सेवानिवृत्त होने के बाद घर पर रहकर खेती-बारी संभाल रहे थे। रविवार की शाम करीब 7:00 बजे वह घर के पास स्थित डेयरी पर दूध लेने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी स्थिति और बिगड़ गई और सोमवार करीब 10:00 बजे उनका निधन हो गया।
राधेश्याम यादव के परिवार में पत्नी कमलेश देवी, पुत्र अभिषेक यादव (19 वर्ष) और पुत्री कंचन यादव हैं। पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि पुत्र अभिषेक जालंधर में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। घटना के बाद से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो की रफ्तार के कारण उसके पहिए के पास घर्षण से आग सुलगने लगी थी, जिसे ग्रामीणों ने पानी फेंककर बुझाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची बलुआ पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। इस सम्बन्ध में बलुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गाड़ी को कब्जे में लेकर कर ड्राइवर की तलाश किया जा रहा है।