चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के न्यू महाल स्थित एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट में तैनात 30 वर्षीय गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
मृतक के परिजनों ने अज्ञात लोगों पर मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान चकिया-मुगलसराय मार्ग पर काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा।

मृतक की पहचान शेखर चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शेखर पिछले करीब डेढ़ वर्ष से न्यू महाल स्थित निर्माणाधीन अपार्टमेंट में गार्ड की नौकरी कर रहा था। रविवार देर शाम वह अपार्टमेंट परिसर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे उपचार के लिए पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान शेखर की मौत हो गई।
शव पहुंचते ही भड़का आक्रोश
सोमवार को शेखर का शव घर पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने शेखर के शरीर पर चोट के निशान होने का हवाला देते हुए उसके साथ मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई। इसके बाद लोगों ने आलूमिल के पास शव को सड़क पर रखकर चकिया-मुगलसराय मार्ग जाम कर दिया।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मुगलसराय एसडीएम तथा अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस के सामने हादसा या हत्या की गुत्थी
मामले में पुलिस का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह के अनुसार, प्रथमदृष्टया शेखर के गिरने से घायल होने की बात सामने आई है। हालांकि परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोप को भी पुलिस गंभीरता से देख रही है। पुलिस अब घटनास्थल की परिस्थितियों, घायल होने के कारण और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। वहीं, मृतक के परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल शेखर की मौत को लेकर हादसा या हत्या, दोनों सवाल बने हुए हैं। मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने में पोस्टमार्टम रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी कि शेखर की मौत चोट लगने और गिरने के कारण हुई या उसके साथ मारपीट की गई थी।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा मौत की असली वजह सामने लाने की मांग कर रहे हैं।