गाजियाबाद। भोजपुर क्षेत्र के नंगौला अमीपुर गांव में बुधवार रात बेड पर सो रही दो बहनों को सांप ने डस लिया। हादसे में आठ वर्षीय मानवी की मौत हो गई, जबकि उसकी 14 वर्षीय बहन पलक की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने दोनों को उपचार के लिए पिलखुवा के मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया। मेरठ में चिकित्सकों ने मानवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि पलक का उपचार जारी है। घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और सांप की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है।