लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की जगह प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक और विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें हैं। कांग्रेस सूत्रों के हवाले से सामने आई खबरों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व नए चेहरे के जरिए संगठन को चुनाव से पहले सक्रिय करने पर विचार कर रहा है।
आराधना मिश्रा ‘मोना’ वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। वह रामपुर खास सीट से लगातार तीन बार विधायक चुनी गई हैं, जबकि उनके पिता प्रमोद तिवारी इस सीट से नौ बार विधायक रह चुके हैं। पार्टी के भीतर उनके नाम को लेकर चर्चा के साथ सामाजिक समीकरणों को लेकर भी मंथन की बात सामने आ रही है।