पुलिस जांच में रंगदारी और धमकी के आरोप बेबुनियाद, पत्रकारों ने शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग

धानापुर। चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार मुकेश कुमार मौर्य के खिलाफ लगाए गए रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप पुलिस जांच में बेबुनियाद पाए गए हैं। पुलिस जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा होना बताया गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद पत्रकारों में रोष है। सैकड़ों पत्रकारों ने धानापुर थानाध्यक्ष को आवेदन देकर झूठी शिकायत करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि सीता मिश्रा गांव निवासी अजय कुमार मिश्र, पुत्र रामाधार मिश्रा, ने पत्रकार मुकेश कुमार मौर्य के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में रंगदारी मांगने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। शिकायत संख्या 20019626007084 की पुलिस जांच में लगाए गए आरोप सही नहीं पाए गए। जांच के दौरान मामला जमीन विवाद से संबंधित होने की बात सामने आई।
पुलिस जांच रिपोर्ट आने के बाद पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने धानापुर थानाध्यक्ष से मुलाकात कर शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पत्रकारों का कहना था कि इस तरह के गंभीर आरोपों से पत्रकार की सामाजिक प्रतिष्ठा और पेशेवर छवि प्रभावित होती है। उन्होंने झूठी शिकायत किए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 217, 248 सहित अन्य लागू धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की।
पत्रकारों ने कहा कि पत्रकारों के खिलाफ लगातार हो रहे उत्पीड़न और झूठी शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि पत्रकार स्वतंत्र रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
इस संबंध में थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया।
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश कुमार मौर्य ने कहा कि झूठे आरोप लगाकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि जब पुलिस जांच में रंगदारी और धमकी के आरोप सही नहीं पाए गए हैं, तो झूठी शिकायत करने वाले के खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने उपलब्ध जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान राजेंद्र दुबे, पिंटू यादव, राजेश गुप्ता, विवेक चौरसिया, मुकेश दुबे, चंद्रभान कुशवाहा, डॉ. एके अंसारी, अमित, नवनीत सिंह, हरवंश राम, विनोद, धीरेन्द्र तिवारी और रामबहादुर सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।