21 सितंबर को उपजिलाधिकारी को सौंपेंगे ज्ञापन, युवाओं और परिवारों को नशे से बचाने की पहल
चंदौली (सकलडीहा)। समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ सकलडीहा निवासी समाजसेवी अखिल पांडेय ने नशामुक्ति अभियान चलाने का संकल्प लिया है। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि नशे की लत का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार प्रभावित होते हैं और बच्चों की शिक्षा व युवाओं के भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
अखिल पांडेय ने बताया कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और लोगों को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराने के उद्देश्य से आगामी 21 सितंबर को उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नशामुक्ति अभियान के संबंध में अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों की ओर जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। यदि युवा नशे की गिरफ्त में आते हैं तो इसका असर उनके परिवार के साथ-साथ पूरे समाज पर पड़ता है। ऐसे में नशे के खिलाफ केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूकता की जिम्मेदारी निभानी होगी।
प्रेसवार्ता के दौरान कृष्णानंद पांडेय एवं करुणेश पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे। समाजसेवी अखिल पांडेय ने लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में आगे आएं और युवाओं को नशे से दूर रखने में अपनी भूमिका निभाएं।