चंदौली। चहनिया क्षेत्र स्थित बलुआ कुटी पर विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख उपेंद्रनाथ सिंह ने कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद लिया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया।

विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा की यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। वह प्रत्येक वर्ष इस पर्व पर बलुआ कुटी पहुंचकर पश्चिम वाहिनी मां गंगा के समीप स्थापित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना करते हैं। उन्होंने परंपरा को आगे भी बनाए रखने और हरसंभव सहयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सेवकों द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में वह सदैव अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहेंगे।

कार्यक्रम में पुजारी सरजू निषाद, व्यवस्थापक नंदलाल विश्वकर्मा, सहयोगी दामोदर निषाद, सुरेश निषाद समेत अन्य लोग मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।