चहनिया, चंदौली।
चंदौली जनपद के चहनिया ब्लॉक स्थित मारूफपुर बाजार में नवगठित उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (रजि.) मारूफपुर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह रविवार को अशोका लॉन में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों की मौजूदगी ने संगठन की मजबूती और एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत अग्रहरि उपस्थित रहे, जबकि मुख्य वक्ता चंद्रेश्वर जायसवाल ने व्यापारियों को संगठित रहने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि अशोक केशरी, राकेश मोदनवाल, महमूद आलम, संजीव जायसवाल,सतीष गुप्ता,गुलाब साहू, विजय प्रसाद, सतीश सेठ (आका), अजहर खान, गोपाल यादव (बिंदु), गुरप्रीत सिंह, संतोष साहू सहित अन्य गणमान्य लोगों ने नवगठित व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि व्यापारी समाज किसी भी क्षेत्र की आर्थिक रीढ़ होता है। यदि व्यापारी सुरक्षित और सम्मानित रहेगा, तभी बाजार, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि मारूफपुर व्यापार मंडल का उद्देश्य केवल संगठन बनाना नहीं, बल्कि हर व्यापारी के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा की रक्षा करना है।
वक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि मारूफपुर व्यापार मंडल से जुड़े किसी भी व्यापारी का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न किया जाता है, तो उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल पूरी मजबूती के साथ उसके साथ खड़ा रहेगा और उसके न्याय की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने व्यापारी हितों की रक्षा, आपसी भाईचारा, बाजार की समस्याओं के समाधान तथा व्यापारियों के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने की शपथ ली।
समारोह में उपस्थित व्यापारियों ने विश्वास जताया कि मारूफपुर व्यापार मंडल आने वाले समय में व्यापारियों की आवाज़ को बुलंद करेगा, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करेगा और व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए एक मजबूत मंच साबित होगा। ष्गर्व से कहो हम व्यापारी हैं, व्यापार मंडल हमारा हैष् के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जहां पूरे बाजार के व्यापारियों ने संगठन की एकता और मजबूती का संदेश दिया।