पिस्टल लहराने से मची अफरा-तफरी व्यापारीयों में दहशत
चंदौली जनपद के चहनिया बाजार से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है जहां शुक्रवार सुबह चहनिया चौराहे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन बुलेट सवार युवकों ने सकलडीहा की ओर से आई एक पिकअप के चालक के साथ बीच सड़क पर मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि जब एक व्यक्ति बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान पिस्टल भी लहराई गई, जिससे पूरे चौराहे पर दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इधर, घटना के बाद चहनिया व्यापार मंडल के अध्यक्ष भानु प्रताप यादव और खंडवारी ग्राम प्रधान सतीश गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की वही व्यापार मंडल का कहना है कि चहनिया में लगातार मारपीट, लूटपाट और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। उनका आरोप है कि एक सप्ताह पहले विकास लॉन में स्वर्ण व्यापारी राहुल सेठ के साथ हुई मारपीट की घटना का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना और गहरी हो गई है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो व्यापारी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
अबसबसे बड़ा सवाल...
क्या चहनिया में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि दिनदहाड़े चौराहे पर पिस्टल लहराई जाएगी? क्या व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन कोई ठोस कदम उठाएगा? फिलहाल, पूरे मामले पर सभी की निगाहें पुलिस और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।