सकलडीहा (चंदौली): खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि आपसी समन्वय और भाईचारे का भी प्रतीक है। इसी भावना के साथ सकलडीहा क्षेत्र के ताजपुर स्थित एम्ब्रोसिया एकेडमी में बुधवार की देर शाम एक भव्य नाइट क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। यह मुकाबला प्रेस चंदौली (पत्रकार टीम) और सीसीसीएल कमेटी के बीच खेला गया, जिसमें पत्रकारों की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की।
मैच का लेखा-जोखा: रोमांचक रहा मुकाबला
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीसीसीएल कमेटी की टीम ने निर्धारित 7 ओवरों में सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए पत्रकार टीम के सामने 52 रनों का लक्ष्य रखा। वाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस चंदौली की टीम ने कप्तान की सटीक रणनीति के साथ मैदान संभाला। टीम ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए मात्र 6.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत में टीम के पास 4 विकेट शेष रहे।
अजय सिंह राजपूत बने 'मैन ऑफ द मैच'
पत्रकार टीम की जीत में अजय सिंह राजपूत ने अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से मुख्य भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा निरंजन, हाजी इनाम, अखिलेश और सोनू पटेल ने भी बल्लेबाजी और फील्डिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टीम की जीत सुनिश्चित की।
प्रतिभाओं को मंच देना ही मुख्य उद्देश्य
मैच के समापन पर एम्ब्रोसिया एकेडमी के डायरेक्टर अरविंद सिंह ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। वहीं, नमन चाइल्ड के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पी.एन. दुबे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा: "ऐसे आयोजनों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं की छिपी हुई प्रतिभा को निखारना है। खेल से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि यह आपसी प्रेम और भाईचारा बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम है।
उन्होंने आगे बताया कि इससे पूर्व कमालपुर में भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें उत्तर प्रदेश और बिहार की टीमों ने हिस्सा लिया था। कार्यक्रम के दौरान सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट भी प्रदान की गई।