विद्याभूषण सिंह-ब्यूरो,जौनपुर
जौनपुर। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व की शुरुआत आज पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ हो गई। जनपद के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां शीतला चौकिया धाम में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नवरात्रि के प्रथम दिन मां शैलपुत्री के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
भव्य मंगला आरती और दर्शन व्यवस्था
भोर में 4:15 बजे भव्य मंगला आरती के साथ मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए। मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
महंत विनय त्रिपाठी ने दी शुभकामनाएं
धाम के महंत विनय त्रिपाठी ने देशवासियों और मीडिया जगत को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे सुंदरीकरण और कॉरिडोर निर्माण को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्थानीय प्रशासन का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्वजों के समय देखा गया मंदिर आज जिस रूप में विकसित हो रहा है, उसे देखकर मन अत्यंत प्रसन्न है।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद और सुरक्षा
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए मंदिर की ओर से फलाहार प्रसाद वितरण की भी योजना बनाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल मुस्तैद है, ताकि आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। महंत विनय त्रिपाठी के अनुसार गुरुवार होने के कारण आज भीड़ सामान्य से अधिक रही, जबकि सप्तमी, अष्टमी और नवमी को सबसे अधिक भीड़ उमड़ती है।
नवमी पर उमड़ सकता है 5 से 7 लाख का जनसैलाब
मंदिर प्रशासन के अनुसार नवमी के दिन करीब 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। उस दौरान मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रहेंगे। मां शीतला चौकिया धाम पूर्वांचल के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक है, जहां आजमगढ़, गोरखपुर, गाजीपुर, सुल्तानपुर सहित कई जनपदों से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। मान्यता है कि मां शीतला को सभी नौ बहनों में सबसे छोटी और सबसे प्रिय माना जाता है, इसलिए इनके दर्शन के बिना माता पूजन अधूरा माना जाता है।