रिर्पोटर-रवि मिश्रा,मछलीशहर,जौनपुर
गरीब परिवार के दो बच्चों का राष्ट्रीय प्रतिभा खोज में चयन, मिलेगी ₹50,000 की छात्रवृत्ति
सुजानगंज, जौनपुर।
विकासखंड सुजानगंज के अंतर्गत आने वाले ग्राम करनौली स्थित राम लखन पूर्व माध्यमिक विद्यालय के दो मेधावी छात्रों ने राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। चयनित छात्र सुषमा पटेल और वरुण कुमार अत्यंत साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता हासिल की है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक श्री श्रीपाल ने बताया कि इन बच्चों को केंद्र सरकार की मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा 9 से 12 तक लगभग ₹50,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इससे इन होनहार बच्चों की आगे की पढ़ाई का मार्ग प्रशस्त होगा।
बच्चों की इस सफलता में प्रधानाचार्य मनोज कुमार पटेल एवं शिक्षक शुभम सरोज की अहम भूमिका रही। शिक्षकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ये बच्चे आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में नई बुलंदियों को छुएंगे।
प्रबंधक महोदय ने क्षेत्र के अभिभावकों और ग्रामवासियों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए संस्था से जुड़ें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विद्यालय परिवार आने वाले समय में अधिक से अधिक बच्चों का चयन ऐसी लाभकारी योजनाओं में कराने के लिए प्रतिबद्ध है।