सिकंदरपुर (बलिया): उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद अंतर्गत सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के तिलौली, हरनाटार बघूड़ी स्थित एच. के. बी. के. पब्लिक स्कूल के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), नई दिल्ली ने विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं को देखते हुए उसे आधिकारिक मान्यता प्रदान कर दी है।
विद्यालय के प्रबंधक मुक्तेश्वर नाथ मौर्य ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि सीबीएसई द्वारा यह मान्यता विद्यालय के शानदार परीक्षा परिणामों और आधुनिक सुविधाओं के आधार पर दी गई है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का विशाल नवीन परिसर, खेल का मैदान, उन्नत कंप्यूटर लैब, साइंस लैब और मैथ लैब जैसी सुविधाएं मानक के अनुरूप पाई गईं, जिसके फलस्वरूप यह गौरव प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर मिस्टर हिमांशु त्रिपाठी ने विद्यालय की प्रधानाचार्या मिस्टर क्रान्ति रंजन, समस्त शिक्षक गण, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
क्षेत्र के इस प्रमुख शिक्षण संस्थान को सीबीएसई बोर्ड की मान्यता मिलने पर अभिभावकों और विद्यार्थियों में भारी उत्साह है। लोगों का मानना है कि अब स्थानीय स्तर पर ही बच्चों को वैश्विक स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।