25 मुकदमों में जब्त 24,247 लीटर शराब नष्ट, अंग्रेजी-देशी शराब के साथ बीयर भी शामिल; ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चंदौली। अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चंदौली पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। जिले में शराब तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने करीब 1 करोड़ 94 लाख रुपये कीमत की जब्त अवैध शराब का विधिवत विनष्टीकरण कराया। इस कार्रवाई को शराब तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैयदराजा थाने में दर्ज 25 मुकदमों से संबंधित कुल 24,247 लीटर अवैध शराब न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद नष्ट कराई गई। इसमें 22,915 लीटर अंग्रेजी और देशी शराब तथा 1,332 लीटर बीयर शामिल थी। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.94 करोड़ रुपये बताई गई है।
ऑपरेशन क्लीन के तहत चला अभियान
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक के निर्देश और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया एवं क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने 5 नवंबर को पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
इस दौरान सैयदराजा थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्र, सहायक अभियोजन अधिकारी विजय पाण्डेय, आबकारी निरीक्षक कनीज फातिमा, सीजेएम न्यायालय के लिपिक दिलीप कुमार और हेड कांस्टेबल दिनेश उपाध्याय मौजूद रहे।
पुलिस के मुताबिक, न्यायालय से अनुमति प्राप्त करने के बाद जब्त शराब के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई।
बड़ा सवाल: शराब तस्करी के नेटवर्क पर कितना लगेगा अंकुश?
करीब दो करोड़ रुपये की शराब का विनष्टीकरण निश्चित रूप से पुलिस की बड़ी कार्रवाई है, लेकिन इसके साथ ही अवैध शराब के कारोबार पर स्थायी रोक लगाना भी बड़ी चुनौती है। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस की यह मुहिम शराब तस्करों के नेटवर्क को कितना कमजोर कर पाती है और भविष्य में ऐसे अवैध कारोबार पर कितनी प्रभावी रोक लगती है।